उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी के हाथों पीड़ितों को लौटाए गए ₹26 लाख का फ्लैट, ₹37 लाख से अधिक की नकदी व चेक, जमीन के दस्तावेज और सोने-चांदी के आभूषण

धोखाधड़ी, विश्वासघात और सूदखोरी के शिकार नागरिकों को राहत, आणंद पुलिस की कार्रवाई की उपमुख्यमंत्री ने की सराहना
आणंद, गुजरात
गुजरात पुलिस के जनहितकारी अभियान ‘तेरा तुझको अर्पण’ के अंतर्गत गांधीनगर में आयोजित कार्यक्रम में राज्य के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी के हाथों आणंद जिले में धोखाधड़ी, सूदखोरी और अंधविश्वास के कारण अपनी संपत्ति गंवाने वाले नागरिकों को उनकी संपत्ति, नकदी, चेक और महत्वपूर्ण दस्तावेज वापस सौंपे गए।
आणंद पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम में ₹26 लाख की कीमत का फ्लैट, ₹37 लाख से अधिक की नकदी एवं चेक, सात बीघा कृषि भूमि के दस्तावेज, मकान और होटल से संबंधित मूल दस्तावेज, आठ तोला सोना तथा 400 ग्राम चांदी सहित अन्य सामान संबंधित आवेदकों को लौटाया गया।
एक्सपोर्ट कारोबार के नाम पर ₹26 लाख की धोखाधड़ी, पीड़ित को वापस मिला फ्लैट
मूल रूप से मोरबी निवासी और वर्तमान में आणंद के बेडवा में रहने वाले विजयभाई भरडा के साथ इम्पोर्ट-एक्सपोर्ट कारोबार के नाम पर ₹26 लाख की कथित धोखाधड़ी हुई थी।
आरोप के अनुसार, कल्पेशभाई चंद्रकांत जानी ने इस रकम से वल्लभ विद्यानगर में फ्लैट खरीद लिया और फरार हो गया।
पेरोल-फर्लो स्क्वॉड के पुलिस निरीक्षक जे.एन. परमार और उनकी टीम ने आरोपी का पता लगाकर कार्रवाई की। पुलिस के प्रयासों से ₹26 लाख की कीमत का फ्लैट पीड़ित को वापस दिलाया गया।
दिवंगत पुलिस अधिकारी की पत्नी को वापस दिलाए ₹7 लाख
वल्लभ विद्यानगर निवासी दिवंगत पुलिस निरीक्षक की पत्नी पारुलबेन पंड्या ने गोपाल चौकड़ी निवासी श्रवण अमराजी पटेल को ₹8 लाख उधार दिए थे। रकम वापस नहीं मिलने पर पुलिस से सहायता मांगी गई।
पुलिस की मध्यस्थता के बाद पारुलबेन को ₹4 लाख नकद और ₹3 लाख का बैंक चेक वापस दिलाया गया।
धार्मिक अनुष्ठान के नाम पर लिए गए सोने-चांदी के आभूषण लौटाए
जीटोडिया निवासी गीताबेन पांडव से नारायणबली और पितृदोष निवारण की धार्मिक विधि के नाम पर कथित रूप से लगभग 56 तोला सोने-चांदी के आभूषण ले लिए गए थे।
इस मामले में आतिशभाई त्रिवेदी और उनके परिवारजनों पर आरोप लगाए गए थे।
पुलिस ने काउंसलिंग और मध्यस्थता के माध्यम से आठ तोला सोने के आभूषण तथा 400 ग्राम चांदी वापस दिलाई। शेष आभूषण लौटाने के संबंध में संबंधित पक्ष से नोटरी के समक्ष लिखित आश्वासन भी लिया गया।
सूदखोरों के उत्पीड़न से परेशान युवक को बचाया, सात बीघा जमीन के दस्तावेज लौटाए
तारापुर निवासी धवलकुमार पटेल कथित रूप से ऊंचे ब्याज की वसूली और लगातार दबाव से परेशान होकर तारापुर की बड़ी नहर के पास आत्महत्या करने जा रहे थे।
पुलिस ने समय रहते हस्तक्षेप कर उनकी काउंसलिंग की और उन्हें सुरक्षित किया।
इसके बाद संजयभाई भरवाड से संबंधित मामले में सात बीघा कृषि भूमि का मूल गिरवी दस्तावेज, ₹2 लाख का चेक तथा सात हस्ताक्षरित खाली चेक वापस दिलाए गए।
इसके अतिरिक्त, अवैध रूप से ऊंचे ब्याज की वसूली के एक अन्य मामले में तारापुर पुलिस ने मोहम्मदसोहेल वोहरा के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता और गुजरात धन उधार अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू की।
ब्याज के विवाद में फंसे मकान और होटल के दस्तावेज भी लौटाए
तारापुर निवासी राकेशभाई पटेल द्वारा गृह विभाग में की गई शिकायत के बाद पुलिस ने मामले में हस्तक्षेप किया।
कार्रवाई के दौरान नवीनभाई भरवाड से मकान का मूल दस्तावेज, प्रकाशभाई पटेल से होटल का गिरवी दस्तावेज और अन्य संबंधित पक्षों से कुल ₹28.50 लाख मूल्य के नौ चेक प्राप्त कर पीड़ित को वापस सौंपे गए।
विधवा महिला को वापस दिलाए ₹1.50 लाख
तारापुर की शिवशक्ति सोसायटी निवासी विधवा पारुलबेन पटेल के दिवंगत पति ने हितेशभाई पटेल और मनीषभाई चौहान को उधार रकम दी थी। लंबे समय तक रकम वापस नहीं मिलने पर महिला ने गृह विभाग और जिला पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई।
तारापुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हितेशभाई पटेल से ₹1.50 लाख नकद वापस दिलाए। शेष रकम के संबंध में भी समाधान की प्रक्रिया कराई गई।
गुजरात पुलिस नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध: हर्ष संघवी
कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने आणंद जिला पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि गुजरात पुलिस आम नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है।
उन्होंने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि पीड़ित नागरिकों को न्याय दिलाना और उनकी संपत्ति वापस दिलाने के प्रयास करना भी है।
अपनी संपत्ति, नकदी, आभूषण और महत्वपूर्ण दस्तावेज वापस मिलने पर पीड़ित नागरिकों ने राज्य सरकार तथा आणंद जिला पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया।
‘तेरा तुझको अर्पण’ अभियान के माध्यम से आणंद पुलिस ने विभिन्न मामलों में पीड़ित नागरिकों को उनकी संपत्ति वापस दिलाकर जनसेवा का उदाहरण प्रस्तुत किया है।
