प्रभारी मंत्री संजयसिंह महिडा ने किया ध्वजारोहण
खंभात, सोमवार ::
आणंद जिले के खंभात शहर में 77वें गणतंत्र दिवस का जिला स्तरीय समारोह देशभक्ति और उत्साहपूर्ण वातावरण में भव्य रूप से आयोजित किया गया। इस अवसर पर आणंद जिले के प्रभारी मंत्री एवं राज्य मंत्री संजयसिंह महिडा के करकमलों द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया।


ध्वजारोहण के पश्चात प्रभारी मंत्री महिडाजी ने जिला कलेक्टर प्रवीण चौधरी तथा जिला पुलिस अधीक्षक गौरव जसानी के साथ खुली जीप में परेड का निरीक्षण किया और उपस्थित नागरिकों का अभिवादन स्वीकार किया।


समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री संजयसिंह महिडा ने कहा कि आज भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र बनकर उभरा है। उन्होंने डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर को स्मरण करते हुए कहा कि हमारा संविधान केवल कानून का दस्तावेज नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति को समानता और न्याय का अधिकार देने वाला मार्गदर्शक है।


उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भूपेंद्रभाई पटेल के नेतृत्व में गुजरात आज देश का “ग्रोथ इंजन” बनता जा रहा है। राज्य में सुदृढ़ कानून व्यवस्था के कारण नागरिक स्वयं को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं।


राज्य सरकार की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए मंत्री महिडाजी ने बताया कि वर्ष 2025 को “जनजातीय गौरव वर्ष” तथा “शहरी विकास वर्ष” के रूप में मनाया जा रहा है। शिक्षा के क्षेत्र में “नमो लक्ष्मी” और “नमो सरस्वती” योजनाओं के माध्यम से बेटियों को सशक्त किया जा रहा है। गुजरात सेमीकंडक्टर हब के रूप में तेजी से आगे बढ़ रहा है तथा वर्ष 2036 के ओलंपिक लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए नई खेल नीति लागू की गई है।

आणंद जिले के विकास पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत हजारों नागरिकों को निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई है। रोजगार सृजन,प्राकृतिक खेती,पशुपालन, मिशन मंगलम जैसी योजनाओं से जिले का सर्वांगीण विकास हो रहा है। उन्होंने आणंद में देश की पहली “सहकारी विश्वविद्यालय” की स्थापना को राज्य के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।

समारोह के दौरान पुलिस विभाग द्वारा भव्य मार्च पास्ट प्रस्तुत किया गया। जिले की विभिन्न शालाओं के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। साथ ही पुलिस डॉग स्क्वॉड द्वारा डॉग शो भी आकर्षण का केंद्र रहा। विभिन्न विभागों द्वारा विकास कार्यों को दर्शाते आकर्षक झांकियां (टेबलो) भी प्रदर्शित की गईं।
इस अवसर पर वर्ष भर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। राज्य सरकार की ओर से खंभात तालुका के विकास कार्यों हेतु 25 लाख रुपये का चेक प्रभारी मंत्री श्री महिडा के करकमलों द्वारा जिला कलेक्टर को सौंपा गया। कार्यक्रम के अंत में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में जिला कलेक्टर प्रवीण चौधरी, जिला विकास अधिकारी देवाहुती,निवासी अतिरिक्त कलेक्टर आर.एस. देसाई, प्रांत अधिकारी कुंजल शाह,विधायक चिरागभाई पटेल सहित अधिकारीगण,जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
